प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

कमरे से सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी

झालावाड़ में कमरे से सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत की जांच में जुटी पुलिस

झालावाड़ के खानपुर कस्बे में कमरे से 50 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद होगा।

झालावाड़ में कमरे से सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत की जांच में जुटी पुलिस

झालावाड़ में कमरे से सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत की जांच में जुटी पुलिस |

झालावाड़ (राजस्थान)। जिले के खानपुर कस्बे के टोडी मोहल्ले में आज रविवार सुबह एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने नागपुर में रहने वाली उसकी पत्नी को सूचना दे दी है।

तीन-चार दिन पुरानी बताई जा रही मौत, कमरे में मिला शव

खानपुर थानाधिकारी सीआई रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को बीती रात करीब 10:30 बजे टोडी मोहल्ले में एक शव कमरे के अंदर लावारिस हालात में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो शव काफी सड़ी-गली अवस्था में मिला, इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत करीब तीन से चार दिन पहले हुई होगी। शव से तेज दुर्गंध आने के कारण आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान रामबाबू (50) पुत्र कैलाश महाजन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मृतक लंबे समय से अकेला रह रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे नागपुर में रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रामबाबू इधर-उधर घूमकर प्लास्टिक और अन्य कबाड़ एकत्रित कर अपना जीवनयापन करता था।

पत्नी और परिजनों को दी सूचना, पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के खानपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। 

यह भी पढ़ें:   बांदा में घरेलू विवाद के बाद 42 वर्षीय महिला का फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Related to this topic: