दिल्ली-NCR में ईंधन की बढ़ती कीमतों और ऐप-बेस्ड कैब कंपनियों द्वारा कथित आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए कमर्शियल गाड़ी चलाने वालों ने 21 मई से तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है।
नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में ईंधन की बढ़ती कीमतों और ऐप-बेस्ड कैब कंपनियों द्वारा कथित आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए कमर्शियल गाड़ी चलाने वालों ने 21 से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। उन्होंने टैक्सी और ऑटो के किराए में जल्द बदलाव किए जाने की मांग की।
किराया बढ़ाने की उठी मांग
"चालक शक्ति यूनियन" ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और पुलिस कमिश्नर को एक पत्र लिखा है। इस पत्र के मुताबिक यह हड़ताल 'ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस' द्वारा घोषित देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में बुलाई गई है। यूनियन ने कहा कि दिल्ली-NCR में टैक्सी के किराए में पिछले करीब 15 सालों से कोई बदलाव नहीं किया गया है। जबकि CNG, पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही गाड़ी के रखरखाव, बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और दूसरी रोज़मर्रा की ज़रूरी चीज़ों की कीमतें भी बढ़ गई हैं।
बढ़ती लागत से बढ़ी परेशानी
यूनियन ने आरोप लगाया कि दिल्ली-NCR में टैक्सी ड्राइवर गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और अपने परिवारों का गुज़ारा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आगे कहा गया कि बढ़ती महंगाई के बावजूद टैक्सी का किराया अभी भी पुराने रेट पर ही लिया जा रहा है। ऐसे में ड्राइवरों की रोजी-रोटी पर बहुत बुरा असर पड़ा है।
Ola-Uber-Rapido पर शोषण के आरोप
ड्राइवरों के इस संगठन ने ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-बेस्ड कैब कंपनियों पर मनमानी करने और आर्थिक शोषण करने का भी आरोप लगाया है। यूनियन ने आरोप लगाया कि, "ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-बेस्ड कंपनियां मनमानी कर रही हैं, और दिल्ली-NCR में ड्राइवर आर्थिक शोषण का शिकार बन रहे हैं।" यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर दिल्ली सरकार ने तुरंत किराए में बदलाव नहीं किया तो यह आंदोलन और भी बड़ा रूप ले सकता है।
सरकार से बातचीत की मांग
यूनियन ने सरकार से मुलाकात करने की भी मांग की है ताकि ड्राइवरों की समस्याओं पर चर्चा की जा सके और टैक्सी ड्राइवरों के कथित आर्थिक शोषण को रोकने के लिए नीतियां बनाई जा सकें। गौरतलब है कि आज मंगलवार को पूरे देश में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पेट्रोल और डीज़ल के रेट में औसतन 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे बढ़कर 97.77 रुपये से ₹98.64 प्रति लीटर हो गईं, जबकि डीज़ल की कीमतें 91 पैसे बढ़कर ₹90.67 से ₹91.58 प्रति लीटर हो गई है। (ANI)
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/indias-first-bullet-train-glimpse-unveiled-at-rail-bhawan/206011
भारत की बुलेट ट्रेन की पहली झलक आई सामने, रेल भवन में दिखी तस्वीर