झांसी में AI से आपत्तिजनक फोटो बनाकर रेलवे अधिकारी और उनके परिवार को ब्लैकमेल करने वाली युवती गिरफ्तार हुई है। आरोपी ने 15 लाख रुपये मांगे थे और अब तक 40 हजार रुपये वसूल चुकी थी।
झांसी: रेल अधिकारी व उसके परिवार के लोगों के आपत्तिजनक फोटो AI से एडिट कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की अवैध मांग करने और धमकी देने वाली युवती पुलिस के हत्थे चढ़ गई है। यह युवती अब तक 40 हजार रुपये वसूल चुकी है। पुलिस ने उसे प्रयागराज से गिरफ्तार किया है।
आपत्तिजनक फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी
02 अगस्त को झांसी के नवाबाद थाने में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, कि हुबली कर्नाटक निवासी मरीना जेसी नाम की महिला और उसके सहयोगियों ने उनकी और परिवार के लोगों की AI से आपत्तिजनक फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपयों की मांग की। इसके साथ ही बताया कि वह युवती अभी तक 40 हजार रुपये ऐंठ चुकी है।
घर पहुंचकर गाली-गलौज भी की
पीड़ित महिला ने बताया कि मरीना ने झांसी रेलवे स्टेशन के पास स्थित घर पहुंचकर गाली-गलौज की और पैसे न देने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने मरीना लाजरस उर्फ़ मरीना जेसी निवासी हुबली कर्नाटक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
इस युवती को नवाबाद पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। बताया गया कि मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला के पति रेलवे में अधिकारी हैं और वर्तमान में झांसी में तैनात हैं।
ये भी पढ़ें- दिल्ली उच्च न्यायालय ने एचयूएल के उत्पादों के खिलाफ बीको का विज्ञापन हटाने को कहा