डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सफाईकर्मियों को समाज का वास्तविक सफाईकर्ता बताते हुए उनकी सेवाओं को नमन किया।
Deputy CM Brajesh Pathak Honours Sanitation Workers, Says “I Am Indebted to You” |
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "उस समाज और उस घर की कल्पना कीजिए, जहां सफाई ना हो, जीवन नर्क हो जाएगा। यदि आप सब लोग काम न करें तो गंदगी में आमजन का जीना दुश्वार हो जाएगा। समाज के प्रति आप सभी सफाईकर्मियों की मेहनत और जब्बे के सामने मैं नतमस्तक हूं।" रविंद्रालय सभागार में सफाई कर्मचारी दिवस पर जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित सामुदायिक शौचालय (ग्रामीण) केयर टेकर महासम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वच्छ प्रदेश, स्वस्थ प्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महानुभावों का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
80 करोड़ देशवासियों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरण
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूज्य संत शिरोमणि रविदास जी ने कहा था, कि हम ऐसे समाज की स्थापना करना चाहते हैं, कि जहां कोई भूखा ना रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके इस कथन को धरातल पर उतारने का कार्य किया। 80 करोड़ देशवासियों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने संत रविदास नगर का नाम बदल कर भदोही कर दिया था, हमारी सरकार ने पुनः भदोही को संत शिरोमणी संत रविदास का नाम दिया। इसी तरह कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम भी सपा सरकार में बदल दिया गया था। हमारी सरकार ने अस्पताल का नाम संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा।
बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं: ब्रजेश पाठक
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराम आंबेडकर के दिखाए रास्ते पर हम सभी चल रहे हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन दलितों के उत्थान में समर्पित कर दिया। डिप्टी सीएम ने सभी उपस्थित जनों से कहा कि हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ आपके लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जो काम वाल्मीकि समाज के लोगों ने देश के लिए किया है और हमेशा करते रहते हैं, उसके लिए मैं सदैव उनका ऋणी रहूंगा।
मांग पत्र प्राप्त किया
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि संगठन की ओर से उन्हें जो मांग पत्र मिला है, उसमें तीन प्रमुख मांगें हैं। क्रमशः नियमित भुगतान, खाते में भुगतान एवं वेतनमान बढ़ाए जाने की मांग है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की इन मांगों को लेकर वे संबंधित पटल पर व्यक्तिगत तौर पर जाएंगे और मांगों को लेकर जल्द अच्छी खबर लेकर आएंगे।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा, अवध क्षेत्र अवधेश द्विवेदी, सदस्य, विधान परिषद डॉ० लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक रामचंद्र यादव, प्रदेश मंत्री, भाजपा, उत्तर प्रदेश राहुल वाल्मीकि, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार संतोष वाल्मीकि, महामंत्री, डॉ० आंबेडकर महासभा ट्रस्ट अमरनाथ प्रजापति, अध्यक्ष, केयर टेकर समिति विनोद कुमार, पूर्व विशेष सचिव, विधान परिषद दिनेश चंद्रा, प्रदेश विधिक सलाहकार सुशील कुमार एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: नेपाल में कर्फ्यू: सिराहा, धनुषा और राजबिराज बंद, रेल सेवा निलंबित