MP News : छतरपुर/नागपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘आपके चार बच्चे हों...
MP News : छतरपुर/नागपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘आपके चार बच्चे हों। उनमें से एक को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को दे दें, ताकि वह दूसरों की रक्षा के काम आ सके।’ उन्होंने यह बात नागपुर में दुनिया के पहले ‘भारत दुर्गा मंदिर’ के भूमिपूजन कार्यक्रम में कही। इस कार्यक्रम में मोहन भागवत भी मौजूद थे।
बांसुरी बजाने से काम चलता तो महाभारत का युद्ध नहीं होता
शास्त्री ने कहा, ‘जब कहीं आपदा आती है, तो लोग अपनी जान बचाकर भागते हैं, लेकिन संघ के कार्यकर्ता वहां जाकर लोगों की जान बचाते हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘नागपुर के कैंसर इंस्टीट्यूट परिसर में बन रहा यह भारत दुर्गा मंदिर लोगों को याद दिलाएगा कि भारत ‘शास्त्र’ (ग्रंथ) और ‘शस्त्र’ (हथियार) दोनों से चलता है। यह ‘माला और भाला’ का संगम है। हमारे देवी-देवताओं के हाथों में भी हथियार होते हैं। अगर केवल बांसुरी बजाने से काम चल जाता, तो महाभारत का युद्ध कभी नहीं होता।’
भारत में महिलाएं पूजनीय मानी जाती हैं
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘दुनिया के किसी भी देश में मातृशक्ति को उतना सम्मान नहीं मिलता जितना भारत में मिलता है। क्या आपने कभी ‘पाकिस्तान माता’ या ‘चीन माता’ का नारा सुना है? केवल भारत ही ऐसा देश है, जहां महिलाओं को भोग की वस्तु नहीं, बल्कि पूजनीय माना जाता है।’
हमें जल्द ही अखंड भारत की ओर बढ़ना चाहिए
पीठाधीश्वर ने कहा कि भूमिपूजन के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं, क्योंकि अब भारत एक नया इतिहास लिखने जा रहा है। उन्होंने हनुमान जी से प्रार्थना की कि भारत संतों और भगवान की भक्ति से परिपूर्ण रहे और हम जल्द ही ‘अखंड भारत’ की ओर बढ़ें। इस कार्यक्रम में नितिन गडकरी, देवेंद्र फडणवीस सहित कई संत और गणमान्य लोग मौजूद थे।
प्रदीप मिश्रा ने कहा, ‘सनातनी लोगों को 4 बच्चे होने चाहिए’
धीरेंद्र शास्त्री से पहले कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी ऐसा बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था – ‘सनातनी लोगों को चार बच्चे होने चाहिए। दो अपने लिए और दो राष्ट्र के लिए। जब तक कानून नहीं बनता, तब तक ज्यादा बच्चे पैदा करें।’ मई 2024 में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शिव महापुराण कथा के दौरान उन्होंने यह बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि बेटियों को प्रेम विवाह में नहीं पड़ना चाहिए। आपके पिता ऐसा जीवनसाथी ढूंढेंगे, जिसके साथ आप जीवनभर अच्छे से रह सकें।
मोहन भागवत बोले, ‘3 बच्चे हों, जनसंख्या घट रही है’
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी ज्यादा बच्चों को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा, ‘जनसंख्या वृद्धि दर 2.1% से नीचे नहीं जानी चाहिए। इसके लिए दो की जगह तीन बच्चे होने चाहिए। यह संख्या समाज को जीवित रखने के लिए जरूरी है।’ उन्होंने दिसंबर 2024 में नागपुर में कहा था कि यदि किसी समाज की जनसंख्या वृद्धि दर 2.1 से कम हो जाती है, तो वह समाज स्वतः समाप्त होने लगता है।
रामेश्वर शर्मा की वकालत, ‘हर हिंदू को 3 बच्चे होने चाहिए’
जनवरी 2026 में हुजूर से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा था – ‘तीन बच्चे होना कोई अपराध नहीं है।’ उन्होंने कहा – ‘संघ, संतों और वरिष्ठ नागरिकों की चिंता सही है कि हिंदुओं को दो से अधिक बच्चे होने चाहिए। हिंदू देर से शादी कर रहे हैं, जिससे परिवार खत्म हो रहे हैं। यदि तीन बच्चे होंगे, तो बेटी भी होगी। वह किसी की बेटी, बहू, बुआ, मौसी बनेगी। जो लोग 5 से 25 बच्चे पैदा कर रहे हैं, उनसे हिंदुस्तान को बचाने के लिए तीन बच्चे होना भी जरूरी है। हर हिंदू को तीन बच्चे जरूर होने चाहिए।’
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831