चंदौली में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विकास कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
चंदौली: जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स एवं त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने विकास कार्य समय पर पूरा करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था, सरकारी भवनों सहित प्रमुख विकास परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर डीएम नाराज
निर्माणाधीन पुलिस लाइन में आवासीय एवं अनावासीय भवनों की समीक्षा के दौरान निर्धारित टाइमलाइन के बावजूद मैनपावर संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और प्रोजेक्ट मैनेजर को मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। वहीं नवीन समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के भवन एवं छात्रावास, चकिया रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण और गनेशपुर स्थित मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण में धीमी प्रगति पर भी सख्त निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित राम जानकी मंदिर के सौंदर्यीकरण और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण को भी निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और सुस्ती बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी किया जाए। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को जनपद में डीएफसीसी के ऊपरगामी सेतुओं का निर्माण निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए गए।
केजीबीवी धानापुर के धीमे निर्माण पर डीएम नाराज
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धानापुर के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और लापरवाही पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए गुणवत्ता के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा।
ये भी पढ़ें- मुरैना में कुंवारी नहर का बढ़ा जलस्तर, झरना के पुरा गांव में बने बाढ़ जैसे हालात