जिले के गढ़ाकोटा में एक डॉक्टर ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और इसे एक 'सड़क हादसे' का रूप देने की कोशिश की।
सागर। जिले के गढ़ाकोटा में एक डॉक्टर ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और इसे एक 'सड़क हादसे' का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी डॉक्टर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच के अनुसार, डॉ. नीलेश का किसी कॉलेज छात्रा के साथ प्रेम संबंध था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। इसी विवाद के चलते 20 मार्च की रात करीब 2 बजे डॉक्टर ने अपनी पत्नी का गला दबाकर उसे अचेत कर दिया।
हत्या को दिखाया हादसा
हत्या को हादसा दिखाने के लिए उसने अपने घर में रहने वाले दो किरायदारों (जो उसके कर्मचारी भी थे), रामकृष्ण पटेल और शुभम पटेल को शामिल किया। उसने उन्हें 2-2 लाख रुपये का लालच दिया। तीनों ने मिलकर सीमा के शरीर को कार में रखा और सागर की ओर निकल गए। सनौधा के पास चनाटोरिया टोल प्लाजा के पास, उन्होंने कार की पिछली सीट पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। डॉक्टर ने शोर मचाया कि कार में शॉर्ट सर्किट या सीएनजी ब्लास्ट के कारण आग लग गई और वह अपनी पत्नी को नहीं बचा सका।
पुलिस को ऐसे हुआ शक
पुलिस को जांच के दौरान कई ऐसी बातें मिलीं जिससे डॉक्टर का झूठ पकड़ा गया। डॉक्टर ने दावा किया कि सीएनजी ब्लास्ट हुआ, लेकिन कार का टैंक पूरी तरह सही सलामत मिला। आग लगने पर इंसान बचने की कोशिश करता है, लेकिन शव लेटी हुई अवस्था में मिला, जिससे साफ था कि वह पहले से ही मृत या बेहोश थी। आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए घर के सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिए थे। घटनास्थल पर पुलिस को एक जली हुई माचिस की तीली मिली, जो साजिश की ओर इशारा कर रही थी।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने डॉ. नीलेश कुर्मी और उसके दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के परिजनों ने पहले ही डॉक्टर पर हत्या का संदेह जताया था।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/suspicious-death-of-woman-in-sagar-sparks-murder-allegations/151144
गुना एसपी अंकित सोनी हटाए गए, हितिका वसल बनीं नई कप्तान