चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने पिता की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंदौली,(उत्तर प्रदेश)। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में शनिवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पति द्वारा इंस्टाग्राम चलाने से मना किए जाने के बाद विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के झांसी गांव निवासी कपिल देव प्रसाद की पुत्री रोशनी (32 वर्ष) की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार से हुई थी। दंपति का 11 माह का एक पुत्र भी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि पति द्वारा इंस्टाग्राम चलाने से मना किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके कुछ देर बाद रोशनी ने कथित रूप से कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक गगन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और दहेज उत्पीड़न सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में दिनदहाड़े गोलीबारी, कुख्यात राकेश यादव के भाई दिनेश यादव की हत्या