मंडला। शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद...
मंडला। शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया और करीब 7 किलोमीटर दूर टोल प्लाजा के पास उसे पकड़ लिया।
सड़क पर फैला खून, मां बहदवास हालत में
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद सड़क पर बच्ची का खून फैला हुआ था। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बच्ची की डेडबॉडी सड़क किनारे पड़ी हुई है और आसपास लोगों की भीड़ लगी है। मौके पर मौजूद मां और परिजन बदहवास हालत में थे। मां अपनी बेटी की मौत से बिलख-बिलखकर रो रही थी। वहीं कुछ परिजन सड़क पर पड़े खून को पानी से धोते नजर आए।
आंगनवाड़ी सहायिका है मां
मृत बच्ची की पहचान आकृति के रूप में हुई है। उसकी मां श्रृष्टि यादव करीब पांच महीने से आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में काम कर रही हैं, जबकि पिता विष्णु यादव मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आकृति की एक चार महीने की छोटी बहन भी है, जो हादसे के समय मां की गोद में थी।
ग्रामीणों ने डंपर का पीछा किया
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने बाइक, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से उसका पीछा किया। करीब 7 किलोमीटर दूर तिंदनी टोल प्लाजा के पास डंपर को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/shubhendu-adhikari-appeals-to-governor/149131