बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई।
बलिया,(उत्तर प्रदेश)। सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम उदहा में गुरुवार सुबह एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रामव्यास वर्मा के रूप में हुई है। उनका खून से लथपथ शव घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अज्ञात हमलावर ने सिर पर ईंट से कई वार कर की हत्या
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामव्यास वर्मा बुधवार रात अपने ट्यूबवेल पर सोने गए थे। आशंका जताई जा रही है कि रात के दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर ईंट से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। सुबह जब लोग ट्यूबवेल पर पहुंचे तो शव देखकर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना सुबह करीब छह बजे डायल-112 के माध्यम से थाना सहतवार पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
संदिग्धों की तलाश शुरू
क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सहतवार में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः बलिया में पेपर लीक के विरोध में NSUI का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग