फतेहपुर जनपद के थाना जाफरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगदपुर में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर जनपद के थाना जाफरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंगदपुर में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नक्की लाल (लगभग 65-70 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस के अनुसार, आज सुबह लगभग 6:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अंगदपुर में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव उस स्थान पर पड़ा है, जहां वह प्रतिदिन रात्रि में सोते थे। सूचना मिलते ही थाना जाफरगंज पुलिस तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
पट्टीदारों से चल रहा था केस, 6 लोगों पर मर्डर का केस दर्ज
मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि नक्की लाल का अपनी भूमि को लेकर पट्टीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा इस संबंध में सिविल न्यायालय में वाद भी विचाराधीन है। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
सभी नामजद आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में ट्रैक्टर की चपेट में आकर मासूम की मौत, ग्रामीणों ने चालक को बनाया बंधक