मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भलुआरा गांव में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय मुनरदेव यादव की पत्नी शांति कुंवर के रूप में हुई है।
औरंगाबाद {बिहार}: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भलुआरा गांव में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय मुनरदेव यादव की पत्नी शांति कुंवर के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सुबह करीब 9 बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बाइक से टक्कर मारने का आरोप
शांति कुंवर की मौत के बाद परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर बाइक से टक्कर मारने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि शांति कुंवर घर से खेत की ओर जा रही थीं, तभी युवक ने तेज रफ्तार बाइक से उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके नाक और मुंह से काफी खून बहा और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सदर अस्पताल में दोनों पक्ष आमने-सामने
हादसे के बाद सदर अस्पताल में मृतका के परिजन और कथित बाइक चालक के परिजन आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही, जिससे अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। दूसरी ओर, बाइक चालक के परिजनों ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वृद्धा सड़क पार कर रही थीं और बाइक देखकर घबरा गईं, जिससे वह खुद गिर गईं। उनका दावा है कि बाइक ने महिला को छुआ तक नहीं था और गांव के लोग इसकी पुष्टि कर सकते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतका के परिजन मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शांति कुंवर के निधन से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले उनके पति का निधन हो गया था, जिसके बाद उन्होंने ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाली। अपने पीछे वह एक बेटा, दो बेटियां और तीन पोतों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
यह भी पढ़े: बल्लारी में घरेलू विवाद के बाद पत्नी और 7 महीने की बेटी की हत्या, आरोपी पति फरार