छपरा जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई।
छपरा (बिहार)। छपरा जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान धर्मपुर जाफर पंचायत के धर्मपुर जाफर गांव निवासी राघवंश महतो की 65 वर्षीय पत्नी रामावती देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामावती देवी अमनौर हाई स्कूल के कीड़ा मैदान के आगे स्थित शिव मंदिर के समीप सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान एक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: हाईवा की चपेट में आकर कोचिंग जा रही छात्रा की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम