प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिखाई हरी झंडी

CM योगी ने दी बड़ी सौगात, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे से जेवर तक चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा और लखनऊ को 45 इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा दिया है।

cm योगी ने दी बड़ी सौगात नोएडा ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे से जेवर तक चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा और लखनऊ को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम योगी ने आज शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। 

नोएडा में 34 और लखनऊ में 11 बसें चलेंगी

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 110 में से प्रथम चरण में 45 इलेक्ट्रिक बसों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये फ्लैग ऑफ किया। इनमें से 34 बसें नोएडा में चलेंगी। जबकि, 11 इलेक्ट्रिक बसे लखनऊ में चलेंगी। साथ ही सीएम योगी ने नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ किया।  

नए भारत में यूपी में नजर आ रहा बदलाव- सीएम योगी

इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में बदलाव साफ नजर आ रहा है। 2017 से पहले, प्रदेश में टूटी-फूटी सड़कों और अराजकता का माहौल था। सुरक्षा का तो कोई नामोनिशान नहीं था। उस समय निवेश की बात करना भी एक सपना लगता था। लेकिन अब, उत्तर प्रदेश में वर्ल्डक्लास रोड और एयर कनेक्टिविटी है। चार लाख किलोमीटर का रोड नेटवर्क तैयार हो चुका है। 

मुख्यमंत्री ने किया अयोध्या का जिक्र

सीएम ने अयोध्या का जिक्र करते हुए बताया कि भगवान श्रीराम ने पुष्पक विमान से अयोध्या की यात्रा की होगी, लेकिन उसके बाद अयोध्या के लोगों को वायुसेवा नहीं मिली। हजारों सालों तक अयोध्या उपेक्षित रही, लेकिन अब महर्षि वाल्मीकि को समर्पित एयरपोर्ट चालू हो चुका है। ये सब बदलाव सिर्फ 9 साल में डबल इंजन की सरकार ने किए हैं। 

स्वच्छ परिवहन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देकर यूपी सरकार प्रदूषण कम करने पर जोर दे रही है। परिवहन विभाग का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल आधारित वाहनों पर निर्भरता घटेगी और शहरी क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी।

जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मिलेगा बल

गौतमबुद्ध नगर में शुरू हो रही इलेक्ट्रिक बस सेवा से नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सार्वजनिक परिवहन बेहतर होगा। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी, जिससे यात्रियों को पर्यावरण अनुकूल निर्बाध परिवहन सुविधा मिल सके।

डिप्टी सीएम, कैबिनेट मंत्री समेत एनडीए के सहयोगी दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे

इस मौके पर यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर, कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद, कैबिनेट मंत्री और अपना दल के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल, RLD से कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार समेत बीजेपी और एनडीए के सहयोगी दलों के सभी प्रतिनिधि मौजूद थे।

आज वाराणसी जाएंगे सीएम योगी

सीएम योगी आज शाम को वाराणसी जाएंगे, जहां बाबा विश्वनाथ की नगरी में आयोजित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शहरी आजीविका मिशन, उद्योग विभाग समेत कई विभागों की योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित करेंगे। यहां एक जनपद-एक व्यंजन समेत कई विभागों के स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं।

Related to this topic: