भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो से वर्तमान सांसद वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति मिश्रा अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अचानक सुर्खियों में आ गई हैं।
भोपाल। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो से वर्तमान सांसद वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति मिश्रा अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अचानक सुर्खियों में आ गई हैं। शनिवार सुबह उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई और तेल की कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर एक बेहद तीखा कटाक्ष किया था। उनके इस पोस्ट के बाद सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया और इसे सरकार पर उनके अपने ही परिवार के सदस्य का हमला माना जाने लगा।
स्तुति मिश्रा का पहला पोस्ट
पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा लगातार की जा रही कीमतों में बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई पर तंज कसते हुए स्तुति मिश्रा ने शनिवार सुबह फेसबुक पर लिखा, वह दिन दूर नहीं, जब बैंक होम लोन, कार लोन और बिजनेस लोन की तरह ही पेट्रोल-डीजल भी EMI (किश्तों) पर उपलब्ध कराएंगे। हम इतिहास के एक बहुत ही खराब दौर से गुजर रहे हैं।" जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जब भाजपा के बड़े नेताओं के घर के लोग ही महंगाई से त्रस्त हैं, तो आम जनता का क्या हाल होगा।
विवाद बढ़ते ही लिया यू-टर्न
मामला बढ़ता देख और विपक्ष द्वारा इसे राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने के बाद स्तुति मिश्रा ने तुरंत अपने कदम पीछे खींच लिए। उन्होंने अपने इस पोस्ट पर सफाई देते हुए एक लंबा 'यू-टर्न' लिया। अपनी नई सफाई में उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दी गई भविष्य की एक सामान्य चेतावनी को गलत तरीके से और राजनीतिक लाभ के लिए पेश किया गया है। उन्होंने अपने इस विचार को प्रधानमंत्री के आह्वान और नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की है।
यह भी पढ़े: इंदौर-रतलाम में पानी संकट पर जनता का गुस्सा