प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

जमुई में EOU की बड़ी कार्रवाई

जमुई में EOU की बड़ी कार्रवाई, जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और करीबियों के 24 ठिकानों पर छापेमारी

जमुई में आर्थिक अपराध इकाई ने जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और उनके करीबियों से जुड़े 24 ठिकानों पर छापेमारी की। टीम दस्तावेजों, संपत्ति और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

जमुई में eou की बड़ी कार्रवाई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और करीबियों के 24 ठिकानों पर छापेमारी

EOU Raids 24 Locations Linked to Jamui Zila Parishad Chief |

जमुई (बिहार)। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने मंगलवार सुबह जमुई जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, उनके सहयोगियों और करीबी लोगों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई सुबह से लगातार जारी है। जमुई में 23 और शेखपुरा जिले में एक स्थान सहित कुल 24 ठिकानों पर जांच अभियान चलाया।

दुलारी देवी के रिश्तेदारों के ठिकानों पर भी जांच, दस्तावेज खंगाले गए

जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के पति गुड्डू यादव के नानी घर खैरा थाना क्षेत्र के डुमरकोला गांव में भी ईओयू की टीम जांच कर रही है। अधिकारियों ने संबंधित परिसरों को अपने नियंत्रण में लेकर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड, संपत्ति से जुड़े कागजात, निवेश और बैंकिंग लेन-देन सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ईओयू की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। 

गुड्डू यादव का नाम पुराने आपराधिक मामलों में भी सामने आया

हाल के दिनों में जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी अपने नए आवास के निर्माण को लेकर चर्चा में रही थीं। वहीं, उनके पति गुड्डू यादव का नाम पूर्व में कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उनके खिलाफ 24 से अधिक मामले दर्ज रहे हैं, हालांकि कई मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है या वे बरी हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि गुड्डू यादव 

पहले से ही आर्थिक अपराध इकाई की निगरानी में थे।

जानकारी के अनुसार, सिकंदरा स्थित पैतृक गांव में प्रवीण मिश्रा, मिंचु मियां, उप प्रमुख नैयर खान, सोनू यादव, पचमहुआ निवासी प्रमोद यादव एवं अनीश यादव, खेवसर गांव निवासी छोटू यादव समेत अन्य लोगों के ठिकानों पर भी छापेमारी जारी है। वहीं, शेखपुरा जिले के एकरामा गांव निवासी अनुज यादव के यहां भी ईओयू की टीम कार्रवाई कर रही है।

जांच एजेंसियां जुटा रहीं जानकारी, कार्रवाई पूरी होने के बाद आएगा बयान

सूत्रों के अनुसार, गुड्डू यादव अपने सिकंदरा स्थित नए आवास पर मौजूद नहीं मिले। जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

यह भी पढ़ेंः   मिर्जापुर जीआरपी ने पकड़ा ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाने वाला गिरोह, 4 आरोपी गिरफ्तार

Related to this topic: