इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र में न्यायालय के आदेश से मिली भूमि पर दोबारा अवैध कब्जे के आरोप में पुलिस ने 8 नामजद और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Etawah Land Dispute: Case Filed Against 13 After Alleged Re-Encroachment Despite Court Order |
इटावा,(उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भैसान में न्यायालय के आदेश से दिलाए गए भूमि कब्जे के अगले ही दिन दोबारा अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 8 नामजद और 5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में विधिवत कब्जा
शिकायतकर्ता ज्ञान सिंह पुत्र जयलाल निवासी ग्राम भैसान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी गाटा संख्या 473/0.405 हेक्टेयर भूमि पर 8 जुलाई 2026 को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में विधिवत कब्जा दिलाया गया था। उस दौरान भूमि की मेड बनाई गई और सीमांकन के लिए खूंटियां भी लगाई गई थीं।
गुरुवार को दोबारा भूमि पर कब्जा
आरोप है, कि अगले ही दिन गुरुवार सुबह आठ नामजद और पांच अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए न्यायालय के आदेश के तहत बनाई गई मेड और खूंटियां उखाड़ दीं तथा दोबारा भूमि पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः ट्रंप की सुरक्षा पर नया अलर्ट: ईरानी साजिश के दावे पर इजरायली खुफिया एजेंसियों ने अमेरिका को चेताया