इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया का एक वायरल वीडियो राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर विधायक पर निशाना साधा है।
इटावा: उत्तर प्रदेश की इटावा सदर विधायक सरिता भदौरिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और इटावा के सांसद अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो शेयर करते हुए विधायक पर तीखा हमला बोला है।
लोग चंदा इकट्ठा करें, जितना उनसे बन पड़ेगा: अखिलेश यादव
वायरल वीडियो में कुछ लोग विधायक से परशुराम की प्रतिमा को लेकर चंदा देने की बात करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में विधायक की ओर से यह कहते हुए सुना जा रहा है कि लोग चंदा इकट्ठा करें, जितना उनसे बन पड़ेगा, वह भी देंगी और बुलाने पर कार्यक्रम में आने की बात कह रही हैं। वीडियो में विधायक द्वारा कुछ अन्य टिप्पणियां भी किए जाने का दावा किया जा रहा है।
काट-छांटकर पेश किया जा रहा वीडियो: सरिता भदौरिया
हालांकि वीडियो की वास्तविकता को लेकर विधायक सरिता भदौरिया ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वीडियो को काट-छांटकर पेश किया जा रहा है। यह एआई से तैयार किया गया हो सकता है। उन्होंने कहा कि वीडियो सही है अथवा एआई जनित, इसकी स्पष्टता जांच के बाद ही सामने आएगी।
अखिलेश यादव ने वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा...
वहीं, अखिलेश यादव ने वीडियो पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा की विधायक अपनी पार्टी की शैली से प्रभावित होकर जनता से 'कुसंस्कृत' भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने विधायक पर अन्य राजनीतिक आरोप भी लगाए और कहा कि जनाक्रोश के कारण उन्हें दोबारा मौका नहीं मिलने का अंदाजा हो गया है। अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि वायरल वीडियो की सत्यता को लेकर कोई आधिकारिक अथवा तकनीकी जांच होती है या नहीं।
ये भी पढ़ें- शराब तस्करी के मामले में दोषी को हुई दो साल की सजा, 50 हजार रुपये लगा जुर्माना