दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पुरानी दिल्ली के खारी बावली इलाके में संचालित एक अवैध मिलावटी मसाले बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया है।
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पुरानी दिल्ली के खारी बावली इलाके में संचालित एक अवैध मिलावटी मसाले बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली-NCR क्षेत्र में नकली और मिलावटी मसाले बनाने और उनकी सप्लाई में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कमलजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 23 मई को गुप्त सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली के खारी बावली में छापेमारी की। इस दौरान टीम को मौके पर एक अवैध मसाला पीसने/बनाने वाली यूनिट चलता मिला। टीम ने वहां से भारी मात्रा में मिलावटी मसाले, कृत्रिम रंग और नकली मसाले बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया।
मिलावटी मसालों का काला कारोबार उजागर
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वो घटिया क्वालिटी का सामान, कृत्रिम रंग, चावल के टुकड़े, मिर्च के डंठल और अन्य मिलावटी चीजें मिलाकर नकली और मिलावटी हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, पीली मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर और गरम मसाला बनाता था और गलत तरीके से मुनाफा कमाने के लिए इन्हें दिल्ली/NCR में सप्लाई करता था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी पहुंची
छापेमारी के दौरान GNCTD के खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रयोगशाला जांच तथा खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मसालों के नमूने एकत्र किए। मौके से बरामद चीजों में बड़ी मात्रा में मिलावटी मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और पीली मिर्च पाउडर पाया गया। साथ ही ऐसे कृत्रिम खाद्य रंग भी मिले जिनके खाने योग्य न होने का संदेह है।
भारी मात्रा में नकली मसाला बरामद
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने चावल के टुकड़े, मिर्च के डंठल, धनिया के तने और अन्य मिलावटी चीजों के साथ-साथ नकली मसाले बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली मसाला पीसने की मशीनरी भी जब्त कर ली है। जब्त किए गए कुल माल का वजन करीब 801.88 किलो था।
पुलिस रिमांड पर आरोपी से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आगे की जांच के लिए कोर्ट से दो दिन की पुलिस रिमांड भी मिल गई है। अधिकारियों ने आगे बताया कि दिल्ली/NCR में चल रहे मिलावटी मसालों के रैकेट में शामिल सप्लाई चेन, खरीदारों और अन्य सहयोगियों की पहचान करने की कोशिशें की जा रही हैं। (ANI)
यह भी पढ़ें: जबलपुर में टास्क जॉब के नाम पर साइबर ठगी, महिला के खाते से उड़ाए ₹1.5 लाख