राजस्थान पुलिस ने सक्रिय महिला गैंग का भंडाफोड़ करते हुए लूट के प्रयास के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
झालावाड़,(राजस्थान)। झालावाड़ जिले की पनवाड़ थाना पुलिस ने लूट के प्रयास के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है, कि गिरफ्तार महिलाएं राजस्थान के विभिन्न जिलों में चोरी और नकबजनी जैसी कई वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं।
एक महिला से चेन लूटने का प्रयास
एसपी अमित कुमार ने बताया, कि 28 जून को पनवाड़ थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन लूटने का प्रयास किया गया था। वारदात के दौरान पीड़िता ने विरोध किया तो, आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और ब्लेड से हमला कर फरार होने की कोशिश की। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना पर चार महिला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई जांच के आधार पर चारों महिला आरोपी हेमलता उर्फ ममता पत्नी गुर्जरमल उर्फ गोल्या थाना सीमलिया जिला बारां, रंगीली बाई पत्नी सुरजनमल थाना अटरूजिला बारां, गुल्ली बाई पत्नी जोरावर थाना अटरू जिला बारां, काशीना पत्नी जगमोहन, थाना अटरू जिला बारां को गिरफ्तार किया।
वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार महिलाएं राजस्थान के अन्य जिलों में भी चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल रही हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य मामलों में भी पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। यह कार्रवाई पनवाड़ थाना पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
यह भी पढ़ेंः डिंडौरी में बेखौफ चोरों का आतंक, मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी से व्यापारियों में दहशत