खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच खैरागढ़ जिले के भोरमपुर एवं कुकुरमुड़ा क्षेत्र में खाद संकट गहराता नजर आ रहा है।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडाई (छत्तीसगढ़)। खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच खैरागढ़ जिले के भोरमपुर एवं कुकुरमुड़ा क्षेत्र में खाद संकट गहराता नजर आ रहा है। यूरिया और डीएपी खाद की कमी से परेशान सैकड़ों किसान मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
कई गांवों में खाद की भारी किल्लत
किसानों ने बताया कि भोरमपुर सेवा सहकारी समिति के अंतर्गत आने वाले भोरमपुर, जोरातरई, मदनपुर, चिगली और सिंघौरी सहित कुकुरमुड़ा सोसाइटी के चैंदनी, डुंडा और कुकुरमुड़ा गांवों के किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है। इससे खरीफ फसलों की तैयारी प्रभावित हो रही है और किसानों में चिंता बढ़ गई है।
किसानों के समर्थन में उतरीं विधायक यशोदा वर्मा
किसानों के समर्थन में क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा भी कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने कलेक्टर एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई। किसानों ने विशेष रूप से बताया कि भोरमपुर सोसाइटी के अंतर्गत आने वाले पांच गांवों में से जोरातरई के किसान अब तक खाद नहीं प्राप्त कर सके हैं।
कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को किया तलब
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को तलब कर स्थिति की जानकारी ली और संबंधित समितियों में शीघ्र पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। किसानों ने प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताते हुए कहा कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खरीफ सीजन की बुवाई प्रभावित हो सकती है। वहीं प्रशासन ने किसानों को जल्द राहत दिलाने का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: रीवा में रिटायर्ड फौजी की SP से गुहार, फर्जी कर्नल से जान को खतरा