खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर स्विफ्ट कार से टकरा गई, जिससे दोनों वाहनों में सवार पांच लोग घायल हो गए।
खरगौन,(मध्यप्रदेश)। महेश्वर थाना क्षेत्र में धामनोद-बड़वाह मार्ग पर शनिवार शाम एक ऑल्टो कार के अनियंत्रित होकर स्विफ्ट कार से टकरा जाने से पांच लोग घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धामनोद से मंडलेश्वर लौट रहे थे कार सवार
पुलिस के अनुसार, मंडलेश्वर के गुरुवा मोहल्ला निवासी मनोज पाटीदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह अपनी स्विफ्ट कार (एमपी 09 जेडटी 4047) से धामनोद से मंडलेश्वर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे ग्राम खराड़ी स्थित हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रही ग्रे रंग की ऑल्टो कार (एमपी 09 डीए 4766) का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज
शिकायत के अनुसार, ऑल्टो कार चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क पर पलट गई और पलटते हुए स्विफ्ट कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में स्विफ्ट कार में सवार एक महिला तथा ऑल्टो कार में सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। महेश्वर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली से 'पौधरोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ, 47.23 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य