सोमवार शाम से शुरू हुई लगातार बारिश ने वाराणसी में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं
वाराणसी {उत्तर प्रदेश}: सोमवार शाम से शुरू हुई लगातार बारिश ने वाराणसी में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। सिगरा और चेतगंज थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, मंडुवाडीह क्षेत्र में बारिश के बाद मकान की दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। लंका के सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरने से दंपती घायल हो गया। दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
करंट की चपेट में पिता-पुत्र समेत तीन की मौत
सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में मकान में सजावट का काम कर रहे सलीमुद्दीन और उनके पुत्र अनिस करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के बीच मकान में सजावट का काम करते समय दोनों करंट की चपेट में आए। वहीं, चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहाल तिराहे पर पानी पीने के लिए वाटर कूलर चालू कर रहे त्रिलोकी मोदनवाल भी करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बाटा मोड़ इंडस्ट्रियल एरिया में बारिश के बाद मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रविंद्र और उनकी पत्नी प्रतिभा के रूप में हुई है। दोनों किराए के मकान में रहते थे और मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए गए हैं।
सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरा, दंपती घायल
लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन में कच्चा मकान गिरने से निर्मला और रामजी घायल हो गए। दोनों को मलबे से निकालकर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे में मकान में बंधी एक बकरी की मौत हो गई, जबकि पालतू कुत्तों के भी मलबे में दबे होने की बात सामने आई है। पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
शहर में जगह-जगह जलभराव
लगातार बारिश के कारण वाराणसी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में कमर तक पानी भरने की बात सामने आई है, जबकि लंका चौराहे पर भी घुटने तक पानी जमा है। शहर के कई प्रमुख मार्ग और निचले इलाके जलमग्न हैं। लगातार बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: अस्पताल में घुसा कुत्ता, 4 लाख के गहनों से भरा बैग लेकर हुआ फरार! CCTV से ऐसे मिला सामान