पोरसा कस्बे में कथित तौर पर एक लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के लिए पांच युवकों का अपहरण कर उन्हें बीहड़ में ले जाकर बेरहमी से प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है।
मुरैना (मध्यप्रदेश)। मुरैना जिले के पोरसा कस्बे से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर एक लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के लिए पांच युवकों का अपहरण कर उन्हें बीहड़ में ले जाकर बेरहमी से प्रताड़ित किया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बीहड़ में ले जाकर युवकों को बेरहमी से पीटा
पीड़ित युवकों का आरोप है कि आठ लोग उन्हें जबरन अपने साथ उठाकर बीहड़ में ले गए। वहां उनके साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया गया। आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटा, मुर्गा बनाकर प्रताड़ित किया और लगातार दबाव बनाया कि वे बाइक चोरी की बात कबूल कर लें। फरियादी सौरभ तोमर के मुताबिक, उसने कोई बाइक चोरी नहीं की है। आरोपियों द्वारा झूठा आरोप लगाकर उससे और उसके साथियों से एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
पीड़ित की शिकायत पर आठ आरोपियों पर केस
पीड़ितों का सवाल है कि यदि वास्तव में बाइक चोरी हुई थी तो इसकी शिकायत थाने में क्यों नहीं की गई और कानून अपने हाथ में क्यों लिया गया। सौरभ तोमर की शिकायत पर पोरसा पुलिस ने आकाश, खिलाड़ी, मनीष सिंह, वीरू, विष्णु सिंह, हिमांशु सिंह, छोटू और प्रमोद तोमर सहित आठ आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, धमकी देकर रुपये वसूलने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश जारी, लोगों में आक्रोश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर पोरसा में कानून से ऊपर उठकर युवकों को बीहड़ में ले जाकर सजा देने की हिम्मत किसने दी? क्षेत्र के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में प्रदर्शन पड़ा भारी, 11 कांग्रेस नेताओं पर FIR दर्ज