खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने दाउचौरा क्षेत्र और खैरागढ़ नगर में निरीक्षण अभियान चलाते हुए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई तेज कर दी है। विभागीय टीम ने दाउचौरा क्षेत्र और खैरागढ़ नगर में निरीक्षण अभियान चलाते हुए विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। जांच के लिए कुल 5 विधिक नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
दूध और चायपत्ती के सैंपल जब्त
कार्रवाई के दौरान दाउचौरा स्थित वचन दूध कलेक्शन एवं चिलर सेंटर से गाय और भैंस के दूध के नमूने लिए गए। वहीं मेसर्स बिरेन्द्र एजेंसी से मैंगो फ्लेवर आईस कैंडी, हल्दी पाउडर और राजश्री चायपत्ती के सैंपल भी जांच के लिए संकलित किए गए। इसके अलावा एक शिकायत मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खैरागढ़ स्थित मेसर्स काश्वी इंटरप्राईजेस में भी जांच की, जहां से मैंगो ट्रेस लिचेस का नमूना लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दुकानदारों और खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य लाइसेंस और पंजीयन अपडेट रखने तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण और बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए। विभाग का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।