चौक थाना क्षेत्र में सोमवार को गोली मारकर हुई बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। चौक थाना क्षेत्र में सोमवार को गोली मारकर हुई बुजुर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया है कि मुख्य अभियुक्त के घर में कुछ दिनों से लगातार परिजनों की मौत हो रही थी, जिसका कारण वह मृतक को मानता था, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी।
दो ने की रेकी, दो शूटरों ने मारी बुजुर्ग को गोली
चौक थाना क्षेत्र में सोमवार को बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य अभियुक्त विशाल भारतीय मृतक राजन को उसके परिवार में हो रही मौतों का कारण मानता था। पुलिस ने इस मामले में विशाल भारतीय, विकास विश्वकर्मा, सुजीत वाल्मीकि और कृष्णा वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि घटना के दौरान विशाल और विकास ने मुखबिरी की थी जबकि सुजीत और कृष्णा ने पिस्टल से दो गोलियां मारकर राजन की हत्या कर दी। हत्या के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
तंत्र-मंत्र के शक में की गई हत्या, 24 घंटे में पुलिस की बड़ी सफलता
एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया है कि सोमवार को हुई इस घटना के बाद 6 घंटे के भीतर पुलिस को अहम सुराग मिल गए और महज 24 घंटे में चार अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी विशाल को लगता था कि राजन तंत्र-मंत्र करता है और इसी वजह से उसके घर में लोग मर रहे हैं। इसी वजह से आरोपी ने सोचा कि यदि राजन की हत्या कर दी जाए, तो उसके परिवार में अन्य लोगों की मृत्यु नहीं होगी। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने उसके पिता का भूत उसके ऊपर आने की बात कही लेकिन कुछ ही देर में कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने बताया कि वह बचने के लिए नाटक कर रहा था।
अवैध हथियार की जांच जारी, आपसी दोस्ती में रची गई थी साजिश
एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद किए गए असलहे की भी तफ्तीश की जा रही है, क्योंकि वह असलहा अवैध है, इसलिए आरोपियों के पास वह कैसे पहुंचा पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि दो अभियुक्त एक ही कॉलोनी के रहने वाले हैं जबकि दो मंडूवाडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त थे। चारों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
यह भी पढ़ें: मीरगंज में अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक के साथ एक युवक गिरफ्तार