बहराइच के फखरपुर में दादा मियां मेले के दौरान जलपरी शो के ग्लास टैंक का शीशा अचानक फटने से चार बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। जिले के फखरपुर कस्बे में सोमवार रात दादा मियां मेले के दौरान उस समय चीख-पुकार मच गई, जब जलपरी शो के ग्लास टैंक का शीशा अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। टैंक का शीशा टूटकर वहां मौजूद बच्चों पर जा गिरा। कांच के नुकीले टुकड़ों की चपेट में आने से चार मासूम बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जलपरी शो के ग्लास टैंक का शीशा फटा
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे मेले में जलपरी शो चल रहा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और बच्चे शो देख रहे थे। तभी अचानक ग्लास टैंक का शीशा फट गया। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और टूटे शीशों के टुकड़े वहां मौजूद बच्चों को जा लगे। हादसे में आठ वर्षीय अर्श, सात वर्षीय बुर्जू, आठ वर्षीय अहद खान और नौ वर्षीय मोहम्मद सादिक घायल हो गए। चारों बच्चे फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
दो बच्चों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
हादसे के बाद घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फखरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। दो बच्चों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही फखरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मेले में चल रहे शो के दौरान अचानक टैंक का शीशा फटने से चार बच्चों के घायल होने की घटना ने आयोजन में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः 840 करोड़ रुपये के DGHS मेडिकल खरीद घोटाले में नीरज चोपड़ा को झटका