मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र स्थित क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसने से चार श्रमिक मलबे में दब गए, जिन्हें बाहर निकालकर इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन सभी की जान चली गई।
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भगौतीदेई स्थित एक क्रशर प्लांट में शनिवार की दोपहर ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसने से चार श्रमिक मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
चारों श्रमिकों की मौत
प्लांट संचालक पिकप से मलबे में दबे हुए चारों श्रमिकों को बाहर निकाल आनन फानन में इलाज के लिए अन्यत्र इलाज के लिए लेकर चला गया। जहां चारों श्रमिकों की मौत हो गई। सूचना पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर अन्य श्रमिकों के दबे होने की आशंका में बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम, थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया।
घटना के बाद क्रशर प्लांट पर ग्रामीणों की भीड़
थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि चारों श्रमिकों को प्लांट संचालक की ओर से उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा गांव निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन में कोहराम मच गया। घटना के बाद क्रशर प्लांट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं।
मामले की जांच की जा रही
थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि क्रशर प्लांट में डग धंसने से चार श्रमिकों के दबने की सूचना मिली थी। चारों की मृत्यु हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। मौके पर मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, डीआईजी पूनम, एसपी मौके पर मौजूद हैं।
यह भी पढ़ेंः मुजफ्फरनगर में विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश, 18 गिरफ्तार