प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ठगी का आरोपी 10 साल बाद अमेरिका से प्रत्यर्पित

ठगी मामले में 10 साल से फरार आरोपी अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने धोखाधड़ी के मामले में एक दशक से भी अधिक समय से फरार एक भगोड़े आरोपी को अमेरिका से भारत वापस लाए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

ठगी मामले में 10 साल से फरार आरोपी अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार

Fugitive Fraud Accused Arrested After 10 Years in US Extradition |

नई दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने धोखाधड़ी के मामले में एक दशक से भी अधिक समय से फरार एक भगोड़े आरोपी को अमेरिका से भारत वापस लाए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही हुई गिरफ्तारी

सीबीआई की एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी हरनेक सिंह को बुधवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ ‘इंटरपोल रेड नोटिस’ और ‘लुक-आउट सर्कुलर’ जारी था। उसे हरियाणा के पंचकूला स्थित विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई मामले) की अदालत में जल्द से जल्द पेश किया जाएगा।

सिंगापुर में रहने वाले भारतीयों को बनाते थे निशाना

सीबीआई प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि आरोपी 2013 के एक धोखाधड़ी मामले में वांछित था, जिसमें जालसाजों ने भारत में रहकर फोन के जरिए सिंगापुर में रह रहे या काम कर रहे भारतीय नागरिकों को अपना शिकार बनाया था। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले खुद को सिंगापुर आव्रजन अधिकारियों के रूप में पेश करते थे और पीड़ितों से झूठ बोलते थे कि उन्होंने हवाई अड्डे पर अपने आगमन प्रपत्र में गलत जानकारी भरी है। इसके बाद पीड़ितों को आपराधिक कार्रवाई और देश से निकाले जाने का डर दिखाकर उनसे धन ऐंठते थे।

2016 में सीबीआई ने दर्ज किया था मामला

सीबीआई ने इस संबंध में 2016 में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी व फर्जी दस्तावेजों को असली के रूप में इस्तेमाल करने से जुड़ी भारतीय दंड संहिता की धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम हरनेक सिंह द्वारा सह-आरोपी आदित्य भारद्वाज और दीपक जैन के साथ मिलकर संचालित किए जा रहे मुद्रा हस्तांतरण केंद्र के जरिए प्राप्त की गई थी।

भारत से भागकर अमेरिका में छिपा था आरोपी

बयान के मुताबिक, हरनेक सिंह मई 2013 में भारत से भाग गया था और बाद में अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हो गया, जहां वह 10 साल से अधिक समय तक छिपा रहा। सिंह के फरार रहने के दौरान ही पंचकूला स्थित विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई) की अदालत में भारद्वाज और जैन के खिलाफ सुनवाई जारी रही, जिसमें दोनों को दोषी ठहराया जा चुका है। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इसके बाद, अदालत ने 22 अप्रैल 2024 को हरनेक सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से इस मामले की पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप उसके खिलाफ रेड नोटिस और ‘लुक-आउट सर्कुलर’ भी जारी करवाया गया।’’

यह भी पढ़: इक्विटी म्यूचुअल फंड में अगस्त में 29,329 करोड़ का निवेश, चार महीने का उच्च स्तर

Related to this topic: