बारिश के बीच मंदसौर जिले के नारायणगढ़ नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक एक घर के अंदर घुस गया।
मंदसौर (मध्य प्रदेश): बारिश के बीच मंदसौर जिले के नारायणगढ़ नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक एक घर के अंदर घुस गया। घर की सीढ़ियों पर बैठे मगरमच्छ को देखकर परिवार के लोगों की चीख निकल गई। घटना नारायणगढ़ निवासी शैलेन्द्र पाटीदार के घर की है।
चाय बनाने जा रही पत्नी ने देखा मगरमच्छ
मकान मालिक शैलेन्द्र पाटीदार ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी किचन में चाय बनाने के लिए जा रही थीं। तभी उनकी नजर घर के अंदर चढ़ाव वाली सीढ़ियों पर पड़े एक बड़े जानवर पर गई। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो वह कोई सामान्य जानवर नहीं, बल्कि विशाल मगरमच्छ था। मगरमच्छ को देखते ही पत्नी घबरा गईं और दौड़कर बाहर आईं। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
घर के बाहर जमा हुई लोगों की भीड़
घर में मगरमच्छ घुसने की खबर पूरे इलाके में फैल गई। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिवार के लोग डर के कारण घर का दरवाजा बंद कर बाहर खड़े रहे और वन विभाग को सूचना दी गई। करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रस्सियों की मदद से किया गया रेस्क्यू
वन विभाग की टीम ने काफी सावधानी बरतते हुए रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश शुरू की। रेस्क्यू के दौरान मौके पर भीड़ बढ़ने के कारण नारायणगढ़ थाना पुलिस बल को भी तैनात किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा मगरमच्छ
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम मगरमच्छ को अपने साथ ले गई। अब उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के कारण रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे मगरमच्छ वन विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के चलते आसपास के नालों और जलस्रोतों में पानी का स्तर बढ़ गया है। इसी वजह से मगरमच्छ जैसे जलीय जीव रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वन्य जीव के दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
यह भी पढ़े: बलरामपुर में प्रधानपाठक पर दो शिक्षिकाओं ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच शुरू