गोंडा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबगंज पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है।
गोंडा: जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबगंज पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान देवानन्द उर्फ देवेन्दर पुत्र विजय प्रताप निवासी ग्राम अशोकपुर, थाना नवाबगंज, जनपद गोंडा के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 6 नवंबर 2026 को थाना नवाबगंज पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित और वारंटी अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध देशी तमंचा लेकर महेशपुर गांव से हाईवे की तरफ जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल महेशपुर गांव स्थित रेलवे अंडरपास पुलिया के पास पहुंची।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
बताया गया कि पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से 100-100 रुपये के दो नोट, कुल 200 रुपये भी मिले। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना नवाबगंज में मु0अ0सं0 372/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत 15 मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध नवाबगंज, तरबगंज और अयोध्या जनपद सहित जीआरपी फैजाबाद में चोरी, बरामदगी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कुल 15 मुकदमों का उल्लेख किया गया है। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक अमरजीत सोनकर, चौकी प्रभारी सरयूघाट, हेड कांस्टेबल अशोक यादव, धर्मेन्द्र सिंह, विजय सिंह यादव और कैलाश पटेल शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: दुर्गम पहाड़ियों में चल रही थी गांजे की खेती, पुलिस ने एक करोड़ से अधिक का गांजा पकड़ा, दो गिरफ्तार