गोंडा में 10 हजार रुपये पाने के लिए युवक ने दो साथियों के साथ अपने अपहरण की झूठी साजिश रची। खोड़ारे पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
गोंडा (उत्तर प्रदेश)। महज 10 हजार रुपये हासिल करने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रचने वाले तीन आरोपियों को खोड़ारे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपहरण का फर्जी घटनाक्रम तैयार किया और परिवार को गुमराह करने के लिए वॉयस मैसेज, फोटो और धमकी भरे संदेश भेजे। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
डायल-112 पर अपहरण की सूचना, गन्ने के खेत में मिला युवक
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से शिवम राजभर के अपहरण की सूचना उसके भाई सुनील राजभर ने दी थी। सूचना पर पुलिस ने शिवम के मोबाइल की लोकेशन सर्विलांस के जरिए ट्रेस कराई। शाम करीब सात बजे लोकेशन गन्ने के खेत के पास मिली। पुलिस टीम ने तलाश के दौरान शिवम को खेत में बरामद किया। उसे उपचार के लिए सीएचसी बभनजोत में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई।
पूछताछ और मोबाइल जांच में खुली फर्जी अपहरण की पोल
पूछताछ में शिवम ने तीन काल्पनिक दोस्तों विकास, विशाल और राज द्वारा अपहरण कर इंजेक्शन लगाने की बात बताई, लेकिन उसके शरीर पर चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले। मोबाइल की जांच और तकनीकी साक्ष्यों से मामला संदिग्ध पाया गया। जांच में सामने आया कि परिवार को डराने के लिए वॉयस मैसेज, फोटो और धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
दोस्त और ममेरे भाई के साथ मिलकर बनाई थी 10 हजार रुपये ऐंठने की योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शिवम ने बताया कि उसने अपने दोस्त मासूम रजा और ममेरे भाई राहुल राजभर उर्फ सूरज के साथ मिलकर अपहरण की झूठी कहानी रची थी। तीनों ने योजना बनाई थी कि शिवम अपने भाई से 10 हजार रुपये मांगेगा और रकम मिलने के बाद अयोध्या घूमने जाएंगे। इसी योजना के तहत गन्ने के खेत में अपहरण का फर्जी घटनाक्रम तैयार किया गया।
खोड़ारे पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा
खोड़ारे पुलिस ने 28 अक्टूबर को राहुल राजभर उर्फ सूरज निवासी पिपरा इस्माइल, मासूम रजा निवासी जलालपुर खलंगवा और शिवम राजभर निवासी चुटहवा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। मामले में थाना खोड़ारे में मु0अ0सं0 292/2026, धारा 308(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय रवाना कर दिया।
यह भी पढ़ें: अंबेडकरनगर में युवक की मौत का मामला गरमाया, पिता ने जताई हत्या की आशंका