मुगलसराय में रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरों ने आरपीएफ के SiB इंस्पेक्टर के घर से करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। वारदात के समय इंस्पेक्टर छुट्टी पर अपने घर गए हुए थे।
चंदौली: मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में रेलवे क्वार्टर में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। मंगलवार देर रात चोरों ने क्वार्टर नंबर 1610 सीडी का दरवाजा तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह पड़ोसी ने क्वार्टर में रहने वाले आरपीएफ के SiB इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल को फोन कर दी।
सूचना मिलते ही तत्काल अपने क्वार्टर पहुंचे
SiB इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल ने बताया कि वह अपने घर पर रुद्राभिषेक की पूजा के लिए तीन दिन की छुट्टी लेकर गए हुए थे। इसी दौरान बुधवार सुबह करीब नौ बजे उनके पड़ोसी ने फोन कर बताया कि क्वार्टर का दरवाजा टूटा हुआ है और चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही वह तत्काल अपने क्वार्टर पहुंचे।
क्वार्टर में बिखरा हुआ था सारा सामान
क्वार्टर में पहुंचने पर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर एक सांकल, दो अंगूठियां, गैस सिलेंडर और टीवी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। संदीप कुमार जायसवाल के अनुसार, चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इसके बाद 112 नंबर पर कॉल किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। रेलवे चौकी के दो पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जानकारी जुटाई।
आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। SiB इंस्पेक्टर संदीप कुमार जायसवाल ने पुलिस से चोरी किया सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिक मांग है कि चोरी हुआ पूरा सामान वापस मिले और घटना को अंजाम देने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
ये भी पढ़ें- राजस्थान के इस गांव में पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग, प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान