गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में महिला की मौत के मामले में वांछित आरोपी रवि निषाद को पुलिस ने कसिहार बंधे के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)। बेलीपार थानाक्षेत्र में मोटरसाइकिल पर बैठी महिला को धक्का देकर गिराने और उपचार के दौरान उसकी मौत होने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर कसिहार बंधे के पास पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी रवि निषाद को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद
घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कौड़ीराम ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ और हथियार बरामदगी के संबंध में बेलीपार थाने में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रवि निषाद पुत्र संजय निषाद बेलीपार थानाक्षेत्र के चंदौली बुजुर्ग गांव का निवासी है।
महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल
उसके खिलाफ महिला की मौत के मामले में पहले से हत्या का मुकदमा दर्ज था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को वादी ने बेलीपार थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया था, कि वह अपनी पत्नी मीरा पांडेय को मोटरसाइकिल पर बैठाकर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी पत्नी को जान से मारने की नीयत से धक्का दे दिया। इससे महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में बेलीपार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान रवि निषाद का नाम सामने आने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी कसिहार बंधे के पास मौजूद है।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग
इस पर बेलीपार थाना पुलिस ने एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट टीमों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
यह भी पढ़ेंः बहराइच: धान काटने खेत गई महिला की तालाब में डूबने से मौत, दो दिन बाद मिला शव