रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में वृद्ध परमेश्वर यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उपेक्षा और तानों से आहत होकर पोते ने ही फावड़े से वार कर हत्या की थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Grandson arrested for murdering grandfather over neglect and taunts in Raebareli |
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। डलमऊ क्षेत्र के पूरे भवानी मजरे रामपुर गहिरखेत गांव में बीते शुक्रवार को हुई वृद्ध परमेश्वर यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। डलमऊ कोतवाली पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर नामजद हत्यारोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उपेक्षा और ताने से उपजा था खौफनाक आक्रोश
डलमऊ कोतवाली प्रभारी राघवन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रूपेश उर्फ सरवन ने पूछताछ में बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसके बाबा (मृतक परमेश्वर यादव) उसके परिवार का समुचित ध्यान नहीं रखते थे। परिवार की समस्त कृषि भूमि पर बाबा खुद ही खेती करते थे और उससे होने वाली आय या उपज में से उसे व उसके परिवार को कोई हिस्सा नहीं देते थे। इसके अलावा, बाबा गांव के लोगों के सामने उसकी अक्सर खिल्ली उड़ाते थे और कहते थे कि वह जीवन में कुछ नहीं कर पाएगा। इन्हीं बातों को लेकर आरोपी के मन में बाबा के प्रति लंबे समय से गहरा आक्रोश पनप रहा था।
इसी गुस्से और आक्रोश में आकर उसने 19 सितंबर को घटना को अंजाम दिया और बाबा पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
मृतक की बहू की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
घटना के संबंध में मृतक की बहू की तहरीर पर डलमऊ थाने में हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया था।मुखबिर की सूचना और पुलिस की सक्रियता से नामजद अभियुक्त रूपेश उर्फ सरवन (पुत्र स्व. रामशंकर, निवासी पूरे भवानी मजरे रामपुर गहिरखेत, थाना डलमऊ) को उसके घर के पास से नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है। डलमऊ कोतवाल राघवन सिंह ने बताया कि आरोपी को शनिवार को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी कोर्ट: काशी विश्वनाथ मंदिर के SDM के खिलाफ श्रद्धालुओं से बदसलूकी की शिकायत दर्ज