उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां मातम और...
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां मातम और बदनामी में बदल गईं। एक युवक अपनी बारात लेकर विवाह स्थल तक पहुँच चुका था, लेकिन फेरे लेने से ठीक पहले पुलिस की एक कॉल ने पूरी शादी रुकवा दी। दूल्हे पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने का गंभीर आरोप लगा है।
आरोपी की पहचान अभिषेक सेन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभिषेक की शादी तय हो चुकी थी और वह धूमधाम से रतलाम बारात लेकर पहुँचा था। विवाह की रस्में शुरू होने ही वाली थीं और दूल्हा मंडप में प्रवेश करने वाला था, तभी पुलिस की टीम वहां पहुँच गई।
जनवरी में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया
बताया जा रहा है कि आरोपी अभिषेक ने जनवरी के महीने में एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। हाल ही में जब उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल ले जाया गया, तब मेडिकल जांच में पता चला कि वह गर्भवती है।
पीड़ित ने की जहर खाकर जान देने की कोशिश
लोकलाज और सदमे के कारण पीड़िता ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की भी कोशिश की थी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शादी के दिन हुई कार्रवाई
जैसे ही पुलिस को आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल पर कॉल किया और उसकी लोकेशन ट्रैक करते हुए रतलाम के विवाह स्थल पर दबिश दी। पुलिस की एंट्री और दूल्हे पर लगे संगीन आरोपों को सुनते ही दुल्हन पक्ष ने तुरंत शादी रोकने का फैसला लिया।
पुलिस ने आऱोपी को लिया हिरासत में...
जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, अभिषेक सेन मौके से फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी अभिषेक सेन के खिलाफ POCSO एक्ट और दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पीड़िता का अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है कि कैसे एक अपराधी अपनी पहचान छुपाकर दूसरी जगह अपनी नई जिंदगी शुरू करने वाला था।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/congress-releases-list-of-candidates-for-west-bengal-assembly-elections/152818