खैरागढ़ जिले के छुईखदान थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। खैरागढ़ जिले के छुईखदान थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक शीतल यादव खैरागढ़ शहर के दाऊ चौरा स्थित अपने निवास में रहते थे। शनिवार सुबह उनकी पत्नी ने उन्हें फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी वजह
पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना से पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
यह भी पढ़ें: सिंगरौली में खड़े डंपर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौत