उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली-मंठार मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
उमरिया (मध्य प्रदेश)। बिरसिंहपुर पाली-मंठार मार्ग पर बरम टोला के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बरम टोला मुदरिया निवासी 50 वर्षीय धनराज सिंह पिता महिपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, धनराज सिंह बिरसिंहपुर पाली से खाद लेकर अपनी मोटरसाइकिल से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरम टोला के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धनराज सिंह को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हालत गंभीर होने पर शहडोल रेफर
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल गुलाब सिंह को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसिंहपुर पाली पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहडोल रेफर कर दिया गया।
पाली थाना पुलिस ने मौका किया मुआयना
हादसे की सूचना मिलने के बाद पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मोटरसाइकिलों को लेकर भी पुलिस द्वारा जानकारी एकत्र की जा रही है। पाली थाना प्रभारी गोविंद सिंह धुर्वे ने बताया कि मंठार रोड पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हुई है। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल हुआ है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। दोनों बाइक किस परिस्थिति में आमने-सामने आईं और दुर्घटना की वजह क्या रही, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें: नरसिंहपुर में युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने और साथी का शव रेलवे ट्रैक मिलने से सनसनी