प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

8 बेजुबानों की मौत

मध्य प्रदेशः डिंडोरी में दिल दहला देने वाला हादसा, एक झटके में उजड़ गई 8 बेजुबानों की जिंदगी

एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे बैठे आठ मवेशियों को कुचल दिया।

मध्य प्रदेशः डिंडोरी में दिल दहला देने वाला हादसा एक झटके में उजड़ गई 8 बेजुबानों की जिंदगी

Heart-wrenching incident in Dindori; 8 Cattle dead |

डिंडोरी,(मध्य प्रदेश)। विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के कैलवारा गांव में एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे बैठे आठ मवेशियों को कुचल दिया, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

शहपुरा-बटौंधा स्टेट हाईवे का मामला

जानकारी के अनुसार, शहपुरा-बटौंधा स्टेट हाईवे पर कैलवारा गांव के पास मवेशी सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि आठ मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने सड़क किनारे मृत मवेशियों को देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

भारी वाहन की टक्कर से हादसा

विक्रमपुर चौकी प्रभारी अतुल हरदहा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में किसी भारी वाहन की टक्कर से हादसा होना सामने आया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में मुखबिरों को सक्रिय किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पहचान होने की उम्मीद

पुलिस सड़क किनारे स्थित मकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज से वाहन की पहचान होने की उम्मीद है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण और मवेशियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है

यह भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश: मुगलसराय में टीबी मुक्त भारत अभियान, 6060 लोगों की जांच में 31 मरीज मिले टीबी पॉजिटिव