उमरिया में लगातार बारिश के कारण उमड़ार नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ गया, जिससे नैगवा टोला मार्ग पर बनी पुलिया का ऊपरी स्लैब बह गया।
Heavy Rain Disrupts Connectivity in Umaria as Umdar River Sweeps Away Culvert Slab |
उमरिया (मध्य प्रदेश)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से अब स्थानीय आवागमन भी प्रभावित होने लगा है। जिला मुख्यालय के नैगवा टोला पहुंच मार्ग पर उमड़ार नदी पर बनी पुलिया का ऊपरी स्लैब तेज बहाव में बह जाने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से इस रास्ते से आवागमन रोक दिया है।
करीब 15 दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी
बताया जा रहा है कि उमरिया जिले में पिछले करीब 15 दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते उमड़ार नदी सहित क्षेत्र के अन्य नदी-नालों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। इसी दौरान उमड़ार नदी में आए तेज बहाव की चपेट में पुलिया का ऊपरी हिस्सा आ गया और उसका स्लैब बह गया। पुलिया का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद इस मार्ग से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी जोखिम भरा हो गया है।
बारिश के बीच यह समस्या और भी बढ़ी
पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण नैगवा टोला के रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। वैकल्पिक रास्ता लंबा होने के कारण लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बारिश के बीच यह समस्या और भी बढ़ गई है।
पुलिया से आवागमन बंद
पुलिया की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए यहां से आवागमन बंद करा दिया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे क्षतिग्रस्त पुलिया के पास जाने या नदी के तेज बहाव के बीच रास्ता पार करने का प्रयास न करें।
तत्काल निर्माण कार्य कराना संभव नहीं
मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) किशन सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही मौके पर आवागमन बंद करा दिया गया था, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश का दौर जारी है, इसलिए तत्काल निर्माण कार्य कराना संभव नहीं है। बारिश थमने के बाद पुलिया के सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। फिलहाल नैगवा टोला के लोगों को वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिया की जल्द मरम्मत कराकर आवागमन बहाल करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: भागवत की हिंदू-मुस्लिम एकता वाली टिप्पणी पर राशिद अल्वी का सवाल, बोले- यह बात कहने अमेरिका क्यों जाना पड़ा?