प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रेलवे ट्रैक पर भरा पानी

लखीसराय में भारी बारिश का असर, कजरा रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनें रोकी गईं

लखीसराय के कजरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर करीब दो फीट पानी भरने से सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

लखीसराय में भारी बारिश का असर कजरा रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनें रोकी गईं

Heavy Rain Disrupts Rail Services in Lakhisarai |

लखीसराय,(बिहार)। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कजरा एवं आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण कजरा रेलवे स्टेशन के समीप रेल पटरी पर करीब दो फीट पानी जमा हो गया, जिससे रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया। 

विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनें घंटों तक खड़ी रहीं

इसके कारण विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनें घंटों तक खड़ी रहीं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार 22948 भागलपुर–सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे से अभयपुर रेलवे स्टेशन पर ही खड़ी रही। वहीं जमालपुर–किऊल डीएमयू को धरहरा स्टेशन पर रोक दिया गया, जबकि गया–जमालपुर पैसेंजर दशरथपुर स्टेशन पर खड़ी रही।

यात्रियों में बढ़ी बेचैनी

ट्रेनों के अचानक रुक जाने से यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों की देरी का सामना करना पड़ा। रेल परिचालन प्रभावित होने के साथ-साथ लगातार बारिश से कजरा, अभयपुर और आसपास के बाजारों एवं निचले इलाकों में भी जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है। कई सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया। दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

कजरा रेलवे ट्रैक पर लगभग दो फीट पानी

अभयपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक सतीश चंद्र शर्मा ने बताया कि कजरा रेलवे ट्रैक पर लगभग दो फीट पानी जमा हो जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा। उन्होंने कहा कि रेलवे के इंजीनियरिंग एवं तकनीकी कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। ट्रैक से पानी निकालने और उसकी पूरी तरह जांच करने के बाद ही परिचालन बहाल किया जाएगा।

यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रैक पर जलस्तर कम होते ही आवश्यक निरीक्षण के बाद ट्रेनों का परिचालन चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दिया जाएगा। उधर, लगातार बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी जलनिकासी की व्यवस्था में जुटा हुआ है। मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ घंटों तक और बारिश की संभावना जताए जाने के कारण लोगों को सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। 

यह भी पढ़ेंः खेत से लौटते समय धारदार हथियार से हमला; भाई और भतीजे पर आरोप

Related to this topic: