प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शिमला के पास 800 साल पुराना क्योंथल रियासत का...

शिमला के पास 800 साल पुराना क्योंथल रियासत का शाही महल भीषण आग में खाक

शिमला के पास जुंगा इलाके में स्थित क्योनथल रियासत के ऐतिहासिक शाही महल में बुधवार को भीषण आग लग गई। इस आग में करीब 800 साल पुरानी इस विरासत इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है।

शिमला के पास 800 साल पुराना क्योंथल रियासत का शाही महल भीषण आग में खाक

Historic 800-year-old Kyonthal Princely Palace gutted in massive fire in Shimla |

शिमला। शिमला के पास जुंगा इलाके में स्थित क्योनथल रियासत के ऐतिहासिक शाही महल में बुधवार को भीषण आग लग गई। इस आग में करीब 800 साल पुरानी इस विरासत इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है और कई बहुमूल्य ऐतिहासिक व धार्मिक संपत्तियां जलकर नष्ट हो गईं हैं। क्योनथल राज परिवार के सदस्यों के अनुसार, आग की शुरुआत महल परिसर में स्थित देवता महाराज देवो जुंगा के पवित्र स्थल के पास से हुई और देखते ही देखते पुरानी लकड़ी से बने पूरे ढांचे में फैल गई। यह महल राजा खुशवक्रम सेन के शासनकाल में बनाया गया था। जर्जर हालत के कारण यह कई वर्षों से खाली पड़ा था।

महल में रखी हुई थी देवता से जुड़ी बहुमूल्य धार्मिक संपत्तियां

राज परिवार की सदस्य विजय ज्योति सेन ने बताया कि भले ही महल में कोई रहता नहीं था, लेकिन वहां देवता से जुड़ी बहुमूल्य धार्मिक संपत्तियां रखी हुई थीं। इनमें सोने-चांदी के आभूषण और करोड़ों रुपये की अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। उन्होंने कहा कि, "यह महल करीब 800 साल पुराना था। भले ही यह खाली था, लेकिन यहां देवता की संपत्ति, जैसे सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। सब कुछ जलकर राख हो गया। पुराना ढांचा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया, इसलिए कुछ भी नहीं बचाया जा सका।" उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल सका है।

आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची कई दमकल गाड़ियां

स्थानीय लोगों ने दोपहर करीब 1 बजे घना धुआं उठता देखा, जिसके बाद जुंगा पुलिस चौकी को सूचना दी गई। इसके बाद छोटा शिमला, मॉल रोड शिमला और तिलक नगर से दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। छोटा शिमला फायर स्टेशन के स्टेशन फायर ऑफिसर मानसाराम ने बताया कि उन्हें दोपहर 1:05 बजे विजय ज्योति सेन के फोन के जरिए आग की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि, "छोटा शिमला और मॉल रोड से दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं और तिलक नगर से अतिरिक्त पानी के टैंकर मंगाए गए। कुल चार दमकल वाहन मौके पर लगाए गए हैं। तीन फायर स्टेशनों के करीब 20 दमकल कर्मी अभी भी आग बुझाने में जुटे हैं। आग पर काबू पा लिया गया है, हालांकि कुछ हिस्सों में अभी भी धुआं उठ रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।"

घटना में नहीं गई है किसी की जान: पुलिस अधीक्षक

शिमला जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने भी पुष्टि की कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है। उन्होंने कहा, "दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय लोगों की लगातार कोशिशों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। चूंकि इमारत खाली थी, इसलिए किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है और विस्तृत जांच जारी है।" एसपी ने यह भी बताया कि आग के सही कारण का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। उन्होंने कहा, "आग पर नियंत्रण किया जा रहा है और जांच जारी है।"

संबंधित धाराओं में केस दर्ज, नुकसान का विस्तृत आकलन शुरू

पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन ने भी आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन शुरू कर दिया है। इस घटना से हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को अपूरणीय क्षति पहुंची है, क्योंकि कई सदियों पुराना यह महल कड़ी मशक्कत के बावजूद आग में बुरी तरह जल गया है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/delegation-of-matua-community-led-by-shantanu-thakur-meets-president/103994

केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर के नेतृत्व में राष्ट्रपरति से मिला मतुआ समुदीय का प्रतिनिधिमंडल

Related to this topic: