कोरबा के पंप हाउस इलाके में घर के पास शराब पीने का विरोध करने पर 10-12 युवकों ने मकान मालिक पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
House Owner Attacked with Rods and Stones by Group After Objecting to Drinking in Korba |
कोरबा,(छत्तीसगढ़)। उर्जाधानी के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस इलाके में एक बार फिर असामाजिक तत्वों का आतंक देखने को मिला है। बीती देर रात घर के पास शराब पीने से मना करने पर एक मकान मालिक पर 10 से 12 युवकों ने लोहे की रॉड, ईंट और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मकान मालिक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर चौकी पहुंचा, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पंप हाउस क्षेत्र के 15 ब्लॉक में योगेश श्रीवाश अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। बीती देर रात उनके घर के पास ही पड़ोस के और कुछ बाहरी 10 से 12 की संख्या में युवक इकट्ठा होकर शराब का सेवन कर रहे थे। घर के सामने हुड़दंग और शराबखोरी होता देख मकान मालिक योगेश श्रीवाश ने इसका विरोध किया और उन्हें वहां से जाने को कहा।
रॉड और ईंट-पत्थरों से किया हमला
शराब के नशे में धुत असामाजिक तत्वों को योगेश का मना करना इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने आव देखा न ताव और योगेश पर टूट पड़े। आरोपियों ने पास में रखी लोहे की रॉड, ईंट और पत्थरों से योगेश की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। हमला इतना भयानक था कि योगेश का सिर फट गया और वे खून से लथपथ हो गए। किसी तरह हमलावरों के चंगुल से भागकर योगेश ने अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में पीड़ित योगेश सीधे सीएसईबी चौकी पुलिस के पास पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल योगेश श्रीवाश को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल रवाना किया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।
इलाके में बढ़ा तनाव, पुलिस रख रही है नजर
पंप हाउस का 15 ब्लॉक क्षेत्र पिछले कुछ समय से असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही इसी इलाके में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ था, जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया था। इस नई घटना के बाद से क्षेत्र में फिर से तनाव का माहौल है l सीएसईबी चौकी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 12 दिन बाद मिली कॉलर वाली बाघिन, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू