प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

12 सदस्यीय एंटी रैगिंग समिति का गठन

IIT-BHU में नए सत्र से पहले सख्ती, 6 नई कमेटियों का गठन, रैगिंग करने पर रद्द हो सकता है नामांकन

IIT-BHU ने नए सत्र 2026-27 से पहले रैगिंग रोकने और हॉस्टल व्यवस्था सुधारने के लिए 6 नई कमेटियों का गठन किया है। दोषी छात्रों का नामांकन रद्द हो सकता है।

iit-bhu में नए सत्र से पहले सख्ती 6 नई कमेटियों का गठन रैगिंग करने पर रद्द हो सकता है नामांकन 

बीएचयू, वाराणसी |

वाराणसी: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) ने नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत से पहले छात्रावासों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए छह नई समितियों का गठन किया है। करीब 60 सदस्यों वाली इन समितियों की जिम्मेदारी हॉस्टलों में नियमित निगरानी, रैगिंग पर रोक, मेस की व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा करना होगी। संस्थान ने साफ किया है कि रैगिंग के मामलों में दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनका नामांकन भी रद्द किया जा सकता है।

समितियों को हॉस्टल निरीक्षण और भोजन की गुणवत्ता जांच का अधिकार 

आईआईटी-बीएचयू प्रशासन की ओर से गठित समितियों में एंटी रैगिंग स्क्वायड, छात्रावास अनुशासन एवं सतर्कता समिति, हॉस्टल आवंटन समिति, हॉस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मेंटेनेंस समिति, मेस आवंटन समिति तथा मेस अनुशासन एवं सतर्कता समिति शामिल हैं। इन समितियों को बिना पूर्व सूचना के हॉस्टलों का निरीक्षण करने और मेस में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच करने का अधिकार भी दिया गया है।

कुलसचिव ने दी समितियों के गठन को मंजूरी

कुलसचिव कार्यालय (सामान्य प्रशासन) ने इन समितियों के गठन को मंजूरी दे दी है। प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह को पांच समितियों का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि हॉस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मेंटेनेंस समिति की जिम्मेदारी प्रोफेसर पी.एम. लाल को सौंपी गई है। प्रत्येक समिति में छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है, ताकि छात्रों की भागीदारी और सुझावों को भी महत्व मिल सके।

सीधे प्रशासन को रिपोर्ट सौंपेगी समितियां

संस्थान की सबसे बड़ी 13 सदस्यीय छात्रावास अनुशासन एवं सतर्कता समिति हॉस्टलों में अनुशासन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। जरूरत पड़ने पर यह समिति बिना पूर्व सूचना के किसी भी छात्रावास का निरीक्षण कर सकेगी और कमियों की रिपोर्ट सीधे प्रशासन को सौंपेगी।

12 सदस्यीय एंटी रैगिंग समिति का गठन

रैगिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 12 सदस्यीय एंटी रैगिंग समिति का भी गठन किया गया है। यह समिति हॉस्टल परिसर में लगातार निगरानी रखेगी, रैगिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच करेगी और छात्रों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करेगी। यदि जांच में कोई छात्र रैगिंग का दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ संस्थान के नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मॉनिटरिंग समिति करेगी भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित कीमतों की निगरानी 

मॉनिटरिंग समिति भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, राशन, सब्जियों की गुणवत्ता और निर्धारित कीमतों की निगरानी करेगी। हॉस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर एवं मेंटेनेंस समिति भवनों के रखरखाव, निर्माण संबंधी आवश्यकताओं और शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ निर्माण विभाग के समन्वय से समयबद्ध कार्य भी कराएगी।

Related to this topic: