पूर्वी चंपारण में मोतिहारी पुलिस ने अवैध कारतूस फैक्ट्री का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री बरामद की।
पूर्वी चंपारण,(बिहार)। पुलिस को अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। मोतिहारी पुलिस ने जिले में संचालित एक मिनी कारतूस फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 500 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
अवैध कारतूस फैक्ट्री संचालित होने की गुप्त सूचना
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि चकिया थाना क्षेत्र के ओझा टोला में अवैध कारतूस फैक्ट्री संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ चकिया और पकड़ीदयाल के नेतृत्व में मेहसी, चकिया, मधुबन, गड़हिया, फेनहारा थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान भाड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान कारतूस बनाने की मशीन, 500 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस, मेटल शीट, गन पाउडर, नाइट्रिक एसिड, रेड फॉस्फोरस, एसीटोन, चारकोल सहित बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अवैध रूप से कारतूस तैयार कर विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
पूरी टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा
एसपी ने इस सफल ऑपरेशन में शामिल पूरी टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। वहीं मेहसी थाना अध्यक्ष सानु गौरव और डीआईयू के एसआई कृष्ण मोहन की भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया है। मामले की विस्तृत जानकारी एसडीपीओ चकिया प्रेस वार्ता में देंगे।
यह भी पढ़ेंः मीराबाई और लवलीना करेंगी राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की अगुवाई