राजनांदगांव जिले में कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से अवैध रूप से लाए जा रहे खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया है।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। राजनांदगांव जिले में उर्वरकों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर कृषि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से अवैध रूप से लाए जा रहे खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में बड़ी मात्रा में खाद बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन किया जा रहा था।
बिना दस्तावेजों के मिला 197 बैग खाद
कृषि विभाग की टीम ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम परसबोड़ में खड़े ट्रक क्रमांक ओडी-17-एस-7676 की जांच की। जांच के दौरान ट्रक में बायो पोटाश के 37 बैग और ग्रो सुपर दानेदार के 160 बैग सहित कुल 197 बैग खाद लदा हुआ मिला। टीम द्वारा दस्तावेजों की मांग किए जाने पर वाहन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

ओडिशा से तस्करी, ट्रक सोमनी पुलिस को सुपुर्द
पूछताछ में चालक ने बताया कि खाद संबलपुर, ओडिशा से लाकर राजनांदगांव में उतारने के लिए लाया जा रहा था। कृषि विभाग ने इसे अवैध परिवहन मानते हुए ट्रक सहित खाद को जब्त कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए वाहन को सोमनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कालाबाजारी के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
प्रशासन का कहना है कि किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कृषि सीजन के बीच खाद की मांग बढ़ने के साथ ही प्रशासन अवैध भंडारण और परिवहन पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में वांछित वारंटी गिरफ्तार