भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली,(भारत)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में हुई हल्की बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले पांच दिनों तक क्षेत्र में हल्की से मध्यम गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
7, 8 और 9 जुलाई के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट
आईएमडी ने 7, 8 और 9 जुलाई के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान
आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान दिल्ली के सभी जिलों के साथ-साथ एनसीआर के गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद पर भी लागू होगा।
अगले दो से तीन दिनों में मानसून देश के शेष हिस्सों में भी बारिश की संभावना
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून देश के शेष हिस्सों को भी कवर कर लेगा। आईएमडी ने 7 जुलाई को गुजरात, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
विभिन्न स्थानों पर अत्यधिक बारिश
केरल, कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी अगले दो दिनों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के लोनावला में 53 सेंटीमीटर, पालघर के वाडा में 43 सेंटीमीटर और दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा में 27 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने 7 से 9 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भी भारी बारिश हो सकती है। गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर की बाढ़ का खतरा भी व्यक्त किया गया है, जिसके मद्देनजर स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (एएनआई)
यह भी पढ़ेंः 48 लाख मुआवजा नहीं चुकाने पर पुलिस विभाग की दूसरी गाड़ी कुर्क, कोर्ट ने बोलेरो भी कराई जब्त