प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शहीद के भाई ने जीओसी को भेंट की पुस्तक

कारगिल नायक कैप्टन एन केंगुरुसे को भारतीय सेना और असम राइफल्स ने दी श्रद्धांजलि

नागालैंड के कोहिमा में भारतीय सेना और असम राइफल्स ने कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन नेइकझाकुओ केंगुरुसे (महावीर चक्र) की 27वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कारगिल नायक कैप्टन एन केंगुरुसे को भारतीय सेना और असम राइफल्स ने दी श्रद्धांजलि

भारतीय सेना ने कारगिल हीरो कैप्टन एन केंगुरुसे को श्रद्धांजलि दी | ANI

कोहिमा (नागालैंड): भारतीय सेना के स्पीयर कोर और असम राइफल्स ने रविवार को कारगिल युद्ध के महान नायक कैप्टन नेइकझाकुओ केंगुरुसे, महावीर चक्र (मरणोपरांत) की 27वीं पुण्यतिथि को बेहद गरिमा और भव्यता के साथ मनाया। 'नागालैंड के नायक' के रूप में पहचाने जाने वाले कैप्टन केंगुरुसे ने 28 जून, 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। इस अवसर पर नागालैंड के कोहिमा जिले के नेरहे फेझा गांव में स्थित केंगुरुसे युद्ध स्मारक पर एक विशेष स्मृति समारोह का आयोजन किया गया।

शहीद के माता-पिता की मौजूदगी में दी गई श्रद्धांजलि

समारोह में स्पीयर कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया (AVSM, VSM) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इसके साथ ही वीर अधिकारी के माता-पिता, उनके परिवार के सदस्य, ग्रामीण, पूर्व सैनिक और सेवारत सैन्य कर्मी भी इस भावुक पल के साक्षी बने। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा अमर जवान ज्योति प्रज्वलित करने और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान कैप्टन केंगुरुसे के असाधारण साहस और जीवन पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र भी दिखाई गई।

2 राजपुताना राइफल्स और महिला बैंड का भव्य प्रदर्शन

सेना की उत्तम परंपराओं को निभाते हुए कैप्टन केंगुरुसे की यूनिट '2 राजपुताना राइफल्स' के जवानों ने उनके माता-पिता से मुलाकात कर रेजिमेंट और शहीद के परिवार के अटूट रिश्ते को दर्शाया। समारोह में असम राइफल्स, नागालैंड पुलिस महिला पाइप बैंड, पूर्व सैनिकों और कोहिमा की 1 नागालैंड एनसीसी बटालियन की महिला कैडेटों की टुकड़ियों ने एक शानदार औपचारिक परेड प्रस्तुत की।

मेडिकल कैंप का उद्घाटन और आभार प्रदर्शन

कैप्टन केंगुरुसे की निस्वार्थ सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए उनके पिता श्री नीसेली केंगुरुसे ने स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए असम राइफल्स द्वारा आयोजित "कैप्टन एन केंगुरुसे, एमवीसी मेडिकल कैंप" का उद्घाटन किया। समारोह के अंत में कैप्टन केंगुरुसे के बड़े भाई, श्री नेइंगथौली केंगुरुसे ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया को कैप्टन केंगुरुसे के जीवन पर आधारित एक पुस्तक भेंट की।

Related to this topic: