बाराबंकी (उत्तर प्रदेश): थाना रामनगर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बैंक से घर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, ग्राम रमवापुर तेलियानी निवासी लालजी सिंह ने रामनगर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी माता सुशीला पत्नी स्वर्गीय दुर्गाबक्श सिंह बीते 12 जून को दोपहर करीब 12 बजे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा बुढ़वल से अपना काम निपटाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान वह लखनऊ-बहराइच मुख्य मार्ग पार कर रही थीं. तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर
हादसे में सुशीला के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल महिला को सड़क से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई
परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान 17 जून की सुबह करीब आठ बजे सुशीला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई. मृतका के पुत्र लालजी सिंह ने पुलिस से दुर्घटना करने वाले बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर बाइक चालक की पहचान की जा सकती है, इसके आधार पर पुलिस आरोपी चालक तक पहुंच सकती है।
संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी रामनगर अरुण प्रताप सिंह ने 18 जून को तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शत्रुघ्न को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः नवजात की मौत के बाद बड़ी कार्रवाई, सिंघल हेल्थ केयर सील; FIR की तैयारी