डीडवाना-कुचामन: जिले के मकराना स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल में साढ़े तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न की आशंका का मामला सामने आया है।
डीडवाना-कुचामन {राजस्थान}: जिले के मकराना स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल में साढ़े तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न की आशंका का मामला सामने आया है। घटना 27 जुलाई की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, स्कूल से घर लौटने के बाद बच्ची पेट दर्द की शिकायत करने लगी। मां के पूछने पर बच्ची ने स्कूल के एक कर्मचारी पर बाथरूम में ले जाकर गलत हरकत करने का आरोप लगाया। इसके बाद परिजन बच्ची को चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने विस्तृत मेडिकल परीक्षण की सलाह दी।
स्कूल प्रबंधन से जवाब नहीं मिलने पर दर्ज कराई शिकायत
परिजनों का आरोप है कि 28 जुलाई को उन्होंने स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग स्कूल के बाहर एकत्र हो गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मंगलवार देर रात प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर
रावण राजपूत समाज के पदाधिकारी जय सिंह ने बताया कि बच्ची ने परिजनों को स्कूल में एक व्यक्ति द्वारा कथित गलत हरकत किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, भाजपा नेता प्रकाश भाकर समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। विधायक जाकिर हुसैन ने भी पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
तीन दिन में जांच रिपोर्ट, आरोपी की तलाश जारी
डीएसपी विक्की नागपाल और थानाधिकारी पंकज कुमार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए समय मांगा, जिसके बाद बुधवार सुबह करीब चार बजे चक्काजाम समाप्त हुआ। डीएसपी विक्की नागपाल ने बताया कि जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की है, जो तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वहीं, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े: अर्थिंग की चपेट में आने से ग्रामीण की मौत, खेत जाते समय हुआ हादसा